यहां बच्चों को मिल रही अच्छे स्कूल, स्कालरशिप, लैपटॉप, स्कूटी की सुविधा.... 7,790 विद्यार्थी को मिली निःशुल्क स्कूटी
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल में राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 2022-23 में प्रथम स्थान पाने वाले 7 हजार 790 विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए राशि प्रदान की।
प्रदेश में बढ़ती शिक्षा सुविधाओं की चर्चा करते हुए चौहान ने कहा कि वे भांजे-भांजियों की पढ़ाई लिखाई और उन्हें आगे बढ़ने के सभी अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होने कहा कि वे मध्यप्रदेश को परिवार मानकर सरकार चला रहे हैं। परिवार में सबसे पहले बच्चों की चिंता की जाती है। इसीलिए प्रदेश में बड़ी संख्या में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल स्थापित हुए। विश्व स्तरीय मापदंड और सुविधाओं वाले सीएम राइज स्कूलों का निर्माण हो रहा है। विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी तक उपलब्ध कराई जा रही है।
शहडोल के पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित हुए कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री श्री रामखिलावन पटेल, सांसद शहडोल श्रीमती हिमाद्री सिंह, क्षेत्रीय विधायकगण तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शहडोल में नगरपालिक निगम स्थापित होगा, साथ ही यहाँ शीघ्र ही एयर पोर्ट निर्मित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में उद्योग स्थापना और निवेश को गति मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। शहडोल में एक और महाविद्यालय आरंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शीघ्र ही शहडोल से नागपुर की सीधी रेल सेवा आरंभ हो रही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। इन कार्यों से निश्चित ही शहडोल के विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वाहन नियमानुसार ही चलाएं और स्कूटी चलाते समय हेलमेट पहनना अवश्य सुनिश्चित करें।