श्री महाकाल महालोक परिसर में 7 जनवरी को देश के पहले प्रसादम का लोकार्पण
भोपाल। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ उज्जैन के श्री महाकाल महालोक के नीलकंठ वन परिसर में देश के पहले प्रसादम का शुभारंभ 7 जनवरी को हो रहा है। मध्यप्रदेश के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। यह प्रसादम् 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से फ़ूड एंड सेफ्टी स्टैण्डर्ड अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के 'क्लीन स्ट्रीट फूड हब' कार्यक्रम के अंतर्गत उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा श्री महाकाल महालोक के नीलकंठ वन परिसर और अवंतिका हाट के बीच विकसित किया गया है। इसमें 17 दुकानों का निर्माण कर एक स्वच्छ स्ट्रीट फूड हब बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिये पार्किंग एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री मनसुख मांडविया इसका शुभारंभ करेंगे। वे 218 करोड़ 76 लाख रुपये लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
महाकाल लोक परिसर में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए महाकाल लोक परिसर, नीलकंठ द्वार पर औसतन प्रतिदिन 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का संचालन किया जाएगा जिसमें आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, राज्य मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण नरेन्द्र शिवाजी पटेल इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर 118 करोड़ लागत की 36 स्वास्थ्य संरचनाओं का भूमिपूजन और 100 करोड़ 69 लाख लागत की 151 स्वास्थ्य संरचनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके लिये 189 करोड़ 89 लाख रूपये केंद्र और 28 करोड़ 87 लाख रुपये राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये हैं।