राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ के अरमान उबरानी सहित 19 बच्चों को किया प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 से सम्मानित
नईदिल्ली। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के अरमान उबरानी सहित देश के 19 बच्चों को "प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार" से सम्मानित किया। इस अवसर पर विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई, कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थानों से आए छोटे बच्चे भी उपस्थित थे।
इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं में बहादुरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और नवाचार की श्रेणी में एक-एक बच्चा, सामाजिक सेवा की श्रेणी में चार, खेल की श्रेणी में पांच और कला तथा संस्कृति की श्रेणी में सात बच्चे शामिल हैं। पुरस्कार समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई और यह राष्ट्रीय अखंडता का दिल छू लेने वाला दृश्य था क्योंकि प्रत्येक बच्चे ने पारंपरिक पोशाक पहनकर पुरस्कार प्राप्त किया, जो देश की समृद्ध सांस्कृतिक छवि का प्रतीक था।
पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि ये बच्चे बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं और अपनी कड़ी मेहनत से अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को सही दिशा दिखायी जानी चाहिए ताकि वे अपने कौशल और उत्साह के दम पर जीवन में सर्वोत्तम स्थान हासिल कर सकें।
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ये युवा भारत के लिए एक बहुमूल्य संसाधन हैं, जो न केवल देश की उन्नति में बल्कि वैश्विक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक कौशल, भविष्य की तकनीक और एआई को प्राथमिकता दे रही है ताकि हमारे युवा भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहें।
अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठापन के शुभ दिन पर राष्ट्रपति ने उपस्थित लोगों को भगवान राम के धैर्य; बड़ों का सम्मान, साहस, और संकट के समय में संयम के गुणों की याद दिलाई। उन्होंने बच्चों को भगवान राम के आदर्शों और रामायण के मूल्यों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रोत्साहित किया।