प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निश्चित ही विश्व का सिरमौर बनेगा भारत
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोजपुर स्थित शिवलिंग देश की समृद्ध स्थापत्य कला को अभिव्यक्त करता है। सौभाग्य का विषय है कि विदिशा लोकसभा क्षेत्र को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई स्व. राजमाता सिंधिया, स्व. सुषमा स्वराज का और भोजपुर विधानसभा क्षेत्र को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा का नेतृत्व प्राप्त हुआ। इन क्षेत्रों ने देश को नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण जन-प्रतिनिधि प्रदान किए। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की प्रगति के लिए सभी राज्यों को पर्याप्त संसाधन और राशि उपलब्ध करा रहे हैं, उनके नेतृत्व में निश्चित ही भारत विश्व का सिरमौर बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंडीदीप में 65 करोड 53 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जन-प्रतिनिधियों द्वारा बड़ी विशाल माला पहनाकर तथा रायसेन जिले के खिलाड़ियों द्वारा हॉकी भेंट कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव और पूर्व मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री मोदी की पहल से ही रानी कमलापति देश के सर्वश्रेष्ठ रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हुआ। उनकी इच्छा शक्ति और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के परिणाम स्वरुप ही प्रदेश को केन-बेतवा, पार्वती-काली सिंध-चंबल परियोजना की सौगात प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधायक सुरेंद्र पटवा द्वारा रखी गई भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास और जन सुविधाओं से संबंधित सभी मांगे पूर्ण की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हितग्राही मूलक योजनाओं के हित लाभ भी वितरित किए।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश विकसित हो, प्रदेशवासी आगे बढ़ें और हम जनता की बेहतर सेवा कर सकें, इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड काल की चुनौती का सामना करते हुए न केवल देशवासियों को सुरक्षित रखा अपितु विश्व के कई देशों में भी लोगों की जान बचाई। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास की धारा निरंतर प्रवाह मान है। चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में हर संभव योगदान प्रदान करने के लिए प्रदेशवासियों का आव्हान किया।