इस बार मौसम देगा आपका भरपूर साथ....दिल्ली-नोएडा पर खूब खेलो रंग
दिल्ली | अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हवाओं में नमी का स्तर 41 से 90 प्रतिशत तक रहा। पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अब शनिवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन में तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। एनसीआर में मार्च में मौसम कई रंग दिखा रहा है। महीने की शुरुआत ठंड के साथ हुई, इन दिनों गर्मी पड़ रही है। लेकिन अब मौसम फिर खुशनुमा होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में होली पर मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तेज धूप के बीच आंशिक तौर पर बादल थोड़ी राहत दिलाएंगे। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यानी होली पर इस बार मौसम अच्छा रहेगा। रंगों के शौकीनों को इस बार भरपूर होली खेलने का मौका मिलेगा।
मार्च के अंत में बारिश के पूर्वानुमान के अनुसार, होली पर इस बार राजधानी का मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। होली से एक दिन पहले रविवार को बादलों की परत भी छंटने की संभावना है। हवाएं औसत से अधिक तेज रहेंगी। पहाड़ों पर 23 मार्च को एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ रहा है। होली के दिन दोपहर में तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 25 मार्च को सुबह के समय हल्की ठंडक रहेगी। न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। सूरज निकलने के बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा। होली के अगले दिन भी इसी तरह का मौसम रहेगा। 27 मार्च की देर रात और 28 मार्च की सुबह हल्की बारिश हो सकती है।