इंडोनेशिया में एक बार फिर ज्वालामुखी आग उगल रहा
डेस्क | इंडोनेशिया के रुआंग ज्वालामुखी में रह-रहकर हो रहा है विस्फोट, राख के बादल से पटा आसमान। इस बार रुआंग ज्वालामुखी एक्टिव नजर आ रहा है। ज्वालामुखी में हो रही गतिविधियों के चलते एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी में इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत में रुआंग ज्वालामुखी में हो रहे विस्फोटों के बाद कम से कम 700 से 800 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया है। ज्वालामुखी की वजह से पिछले कई दिनों से आसमान में लावा और राख के बादल छा गए है | प्रांतीय राजधानी मानदो से लगभग 100 किलोमीटर (62 मील) दूर रुआंग द्वीप पर स्थित ज्वालामुखी मंगलवार से अब तक तीन से अधिक बार फट चुका है।
ज्वालामुखी पर नजर रखने वाले इंडोनेशिया के एक अधिकारी हेरुनिंगत्यास देसी पूर्णमासारी ने बताया कि अधिकारियों ने बढ़ती गतिविधि के बाद चेतावनी स्तर को दूसरे उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया गया है। माउंट रुआंग का विस्फोट द्वीप पर हाल ही में आए भूकंपों के कारण हुआ था ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है, जिसमें पहाड़ से आसमान में 1.8 किमी (1.1 मील) की ऊंचाई तक खतरनाक और "विस्फोटक गर्म बादल" नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा, "हमें द्वीपीय लोगों को बाहर निकालना होगा और विस्फोट भी हो सकते हैं। क्रेटर से चार किलोमीटर के भीतर किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं दी गई है।" उन्होंने कहा, रुआंग द्वीप लगभग 838 निवासियों का घर है, जिनमें से अधिकांश को अब निकटतम द्वीप टैगुलानडांग में ले जाया गया है।
पहाड़ से नीचे की ओर लावा का प्रवाह निरंतर बना हुआ है ज्वालामुखी के क्रेटर के ऊपर भूरे राख के बादल साफ उभरते हुए दिखाई दे रहे हैं। देखने वाली बात यह भी है कि इंडोनेशिया "पैसिफिक रिंग ऑफ फायर" में फैला हुआ है, जो उच्च भूकंपीय गतिविधि का एक क्षेत्र होता है। यह क्षेत्र कई टेक्टोनिक प्लेटों के ऊपर स्थित है। इससे पहले साल 2023 के दिसंबर महीने में मरापी ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था जिसमें 11 पर्वतारोहियों की मौत हो गई थी।