पूर्व सांसद और भाजपा नेता सोहन पोटाई का निधन, हार गए कैंसर से जंग
2023-03-09 11:36 AM
237
रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस वक्त की एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद सोहन पोटाई कैंसर के खिलाफ लड़ाई हार गए। बता दें कि लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे पोटाई ने कांकेर में अपनी अंतिम सांस ली। वे सर्व आदिवासी समाज के एक गुट के ताकतवर अध्यक्ष रहे। उन्होंने पूरा समय आदिवासियों के संघर्ष में दिया। मगर बीमारी के चलते आज उन्होंने अंतिम सांसे अपने माहूर बंद पारा, कांकेर के निवास पर ली।

गौरतलब है कि सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सोहन पोटाई चार बार कांकेर से लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 29 अप्रैल 1958 को जन्में सोहन पोटाई ने भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले चार बार कांकेर लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी।

1998 में चुनाव मैदान में सोहन पोटाई ने कांग्रेस के कद्दावर नेता महेंद्र कर्मा को पराजित कर भाजपा की झोली में सीट डाली। इसके बाद 1999 में छबिला अरविंद नेताम को पराजित किया। 2004 में सोहन पोटाई ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही गंगा पोटाई ठाकुर को पराजित कर हैट्रिक बनाई। इसी के साथ ही 2009 में सोहन पोटाई ने कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम को पराजित कर लगातार चौथी जीत का रिकार्ड बनाया था।