भारत—ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर—गावस्कर ट्राफी सीरीज का अंतिम मुकाबला आज से शुरु हो गया है। सीरीज में भारत 2—1 से आगे है और अजेय बढ़त बना चुका है, इसके बावजूद यह अंतिम टेस्ट भारत के बेहद महत्वपूर्ण है। बता दें कि अंतिम टेस्ट अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में गुरुवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टॉस से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्मिथ को उनके प्रधानमंत्रियों क्रमश: नरेंद्र मोदी और एंथोनी अल्बानीज ने टेस्ट कैप सौंपी। यही नहीं, पीएम मोदी ने कप्तान रोहित को कैप थमाने के बाद उन्हें न केवल ऑस्ट्रेलियाई पीएम से मिलवाया, बल्कि दोनों कप्तानों के साथ हाथ ऊपर उठाकर दोस्ती की मिशाल पेश करते हुए सभी का अभिवादन किया। उन्होंने स्मिथ का भी हौसला बढ़ाया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज जबकि सचिव जय शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित किया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैत्री के 75 बरस के मौके पर मोदी और अल्बानीज ने मैदान का ‘लैप ऑफ ऑनर’ भी लगाया। ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर में तीसरा टेस्ट जीतने वाली अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
मैच शुरु होने से पहले दोनों नेताओं ने एक गोल्फ कार्ट के जरिये पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया। टेस्ट मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों ने गोल्फ कार्ट पर सवार मोदी और अल्बनीज का तालियां बजाकर स्वागत किया। अल्बनीज बुधवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे थे।
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, उमेश यादव
ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): ट्रैविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरन ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, टॉड मर्फी, मैथ्यू कुह्नमैन, नाथन लायन