टपकने लगी वंदे भारत एक्सप्रेस की छत.... लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर निकाली भड़ास
डेस्क। भारतीय रेलवे का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से वाराणसी जा रही थी। इसी बीच ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों को अचानक ट्रेन की छत से पानी का रिसाव होता दिखाई दिया। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान यात्रियों ने रेलवे से इसकी शिकायत की। वहीं रेलवे ने इस मामले में अपनी सफाई दी है।
रेलवे ने इस मामले में एक्स पर पोस्ट कर सफाई दी है। रेलवे ने बताया कि पाइपों में अस्थायी रुकावट के कारण कोच में हल्का पानी का रिसाव हुआ था। लेकिन ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों ने इस समस्या पर तुरंत काम किया और पानी का रिसाव होने से रोक दिया। साथ ही रेलवे ने लिखा कि असुविधा के लिए खेद है।
इसके बाद यात्रियों ने तुरंत रेलवे के अधिकारियों को मामले से सूचित कराया। ट्रेन की छत से पानी का रिसाव होने की सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारियों ने आनन-फानन कर्मचारियों को उस कोच में भेजकर समस्या का समाधान कराया।
वहीं, रेलवे की वीआईपी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर (22416) में छत से पानी का रिसाव होना चौंकाने वाला है। इसे लेकर लोग इंटरनेट मीडिया पर खूब मजे ले रहे हैं। कुछ लोगों ने अपने एक्स अकाउंट पर छत से रिसाव होने वाले वीडियो को शेयर करते हुए मजे लिए हैं।