दिव्य महाराष्ट्र मंडल

बोर्ड के हेल्प लाइन नंबर पर बच्चे कर रहे फोन... कोई बता रही समस्या तो कोई पूछ रहा सवाल

- एक्सपर्ट पैनल में शामिल हैं संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होने वाली है। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं के मन से भय और अन्य दिक्कतों को दूर करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिसमें छात्र-छात्राएं विषयवार तैयारी की जानकारी ले रहे। छात्र-छात्रा परीक्षा तैयारी को लेकर अनेक सवाल कर रहे हैं। वहीं कुछ छात्र अपनी समस्या भी बता रहे है। एक्सपर्ट के इस पैनल संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन भी शामिल है।

मनीष गोवर्धन ने बताया कि हेल्प लाइन नंबर पर बच्चों के साथ अभिभावकों के भी काल आते है। कई बच्चों के यह सवाल होते है कि लास्ट ईयर के पेपर से कितना प्रश्न इस वर्ष आएगा। ऐसे में हम बच्चों को यह बताते है कि शायद कोई आ जाए यह सोचकर पूरे प्रश्नों की तैयारी करो और फिर कोई नहीं आएगा करके भिन्न प्रश्नों की तैयारी अलग से कर लो। ऐसे में तुम्हें परेशानी नहीं होगी।

हेल्पलाइन सेंटर में बैठे मनोवैज्ञानिक डॉक्टर और शिक्षक परीक्षार्थियों की काउंसिलिंग कर उन्हें मोटिवेट कर रहे हैं। हेल्पलाइन पर खासतौर पर महासमुद, जांजगीर-चांपा, धमतरी, रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग जिलों के 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं विषयों की तैयारी को लेकर ज्यादा सवाल पूछ रहे हैं। कुछ विद्यार्थी समय प्रबंधन, याद करने की तकनीक और परीक्षा के डर से जुड़े सवाल भी कर रहे हैं। छात्रों के इन प्रश्नों का जवाब मनोवैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ गंभीरता से दे रहे हैं।

डेस्क में बैठे विशेषज्ञ न केवल विषय से जुडी समस्याओं और संकाओं का समाधान कर रहे हैं, बल्कि छात्रों को तनाव से उबरने और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी कार्य कर रहे हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से मिले मार्गदर्शन से छात्र संतुष्ट नजर आ रहे हैं। छात्रों के अलावा पालक भी हेल्प लाइन सेंटर से जुड़कर अपने बच्चों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।