स्मार्टफोन्स के प्री—इंस्टॉल्ड एप्स पर... कैंची चलाएगी केंद्र सरकार... सुरक्षा पर सरकार की सख्ती
2023-03-14 07:55 PM
170
दिल्ली। स्मार्ट फोन चाहे किसी भी कंपनी के हों, उनमें ढेर सारे प्री—इंस्टॉल्ड एप्स होते हैं, जिन्हें यूजर्स चाहकर भी हटा नहीं पाते हैं। इस पर केंद्र सरकार अब सख्त नजर आ रही है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार मोबाइल निर्माता कंपनियों का सख्त हिदायत देने जा रही है। जिसके मुताबिक इन मोबाइल निर्माता कंपनियों को प्री—इंस्टॉल्ड एप्स को हटाने का विकल्प देना होगा। साथ ही कंपनी ऑपरेटिंग सिस्टम में बड़े अपडेट की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार के इस फैसले से सैमसंग, शाओमी, वीवो और ऐपल जैसी कंपनियां प्रभावित होंगी। इन कंपनियों के स्मार्टफोन्स में पहले से कई सारे एप्स इंस्टॉल होते हैं, जिन्हें यूजर अपने फोन से अनइंस्टॉल नहीं कर पाते हैं। बता दें कि कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) के जुर्माने के बाद गूगल ने भारतीय बाजार के लिए अपने एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम और गूगल प्ले-स्टोर बिलिंग में कई बदलाव की घोषणा की थी।
नजरअंदाज करना आसान नहीं
हालांकि, नए सुरक्षा नियम के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कहा जा रहा है कि इससे नए स्मार्टफोन की लॉन्चिंग पर प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन मार्केट है। ऐसे यदि कोई सख्त फैसला लेती है तो कंपनियों के लिए इसे नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।