देश-विदेश

प्रयोगशाला, उद्योग और बाजार के बीच किसान की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण

नईदिल्ली। विज्ञान सम्मेलन एवं कृषि- प्रौद्योगिकी प्रदर्शन-2023 का आयोजन गत दिनों गुरुग्राम विश्वविद्यालय, हरियाणा में किया गया । विज्ञान सम्मेलन में वैज्ञानिक, शिक्षाविद, छात्र, किसान, उद्यमी और प्रौद्योगिकी विकासकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सृजन और सतत विकास के लिए किसानों और छात्रों को सीएसआईआर प्रौद्योगिकियों से परिचित कराना था। 
 
डॉ. एन. कलैसेल्वी, सचिव,वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग ( डीएसआईआर ), भारत सरकार और वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद ( सीएसआईआर ) की महानिदेशक ने मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन सत्र की शोभा बढ़ाई। सम्मानित अतिथियों में हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद ,पंचकुला, हरियाणा के उपाध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ; प्रो. रंजना अग्रवाल, निदेशक, सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर, नई दिल्ली; और प्रोफेसर दिनेश कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति शामिल थे।
 
 
उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए डॉ. एन. कलैसेल्वी, सचिव,वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग ने कहा कि किसान प्रयोगशाला, उद्योग और बाजार के बीच बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जन सामान्य  के लिए अनुसंधान और प्रौद्योगिकी की उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान किसानों को शामिल करने के लिए आयोजकों की सराहना की। 
 
गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किसानों और छात्रों जैसे इच्छुक हितधारकों के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ अपना संबंध बनाने के लिए बातचीत के लिए एक सक्षम वातावरण प्रदान करना है। विज्ञान भारती के संरक्षक डॉ. शंकर राव तत्ववादी और हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद, पंचकुला, हरियाणा के उपाध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने भी श्रोताओं को संबोधित किया।
 
कार्यक्रम के दौरान, छात्रों के लिए 'सतत विकास' पर 'ऑन द स्पॉट पोस्टर बनाने की  प्रतियोगिता' और 'आत्मनिर्भर भारत ' पर विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। विज्ञान सम्मेलन के दोनों दिन कठपुतली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कठपुतली विशेषज्ञ श्री नारायण श्रीवास्तव ने दैनिक जीवन की विभिन्न कहानियों पर आधारित कई कठपुतली कार्यक्रम  प्रदर्शित किए। कठपुतली प्रदर्शन  का दर्शकों ने खूब आनन्द  लिया।
 

 

----------