देश-विदेश

गियर बदलते ही स्कूल बस में लगी आग... बस में सवार थे 40 बच्चे... परीक्षा के बाद लौट रहे थे घर

स्कूली बच्चों से भरी एक बस में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। इस हादसे में स्कूल बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। हालांकि ड्रायवर की  
सूझबूझ की वजह से किसी भी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, सभी बच्चों को ड्रायवर ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

जानकारी के मुताबिक हिसार के आदमपुर में कोहली गांव के पास चलती स्कूल बस को आग लग गई। घटना के समय बस में 40 स्कूली बच्चे थे। आग लगते ही बस चालक ने सूझबूझ का परिचय दिखाते हुए सभी बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद बस जल गई। मौके पर अग्निनशमन वाहन पहुंचे, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी।
 

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दसवीं की परीक्षा थी। आदमपुर के एक परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने के बाद करीब ढाई बजे 40 बच्चे निजी स्कूल की बस में सवार होकर घर आ रहे थे। इस बीच जब कोहली गांव के बस पहुंची तो ड्राइवर के गियर बदलते ही चिंगारी निकाली और आग लग गई।

इस पर ड्राइवर ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। जैसे ही बच्चे बाहर निकले तो इसके बाद सारी बस जलकर राख हो गई। बस में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जो कि जलकर राख हो गए।
----------