मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ऐलान : किसानों के खातों में 12 हजार करोड़ एकमुश्त जाएंगे
रायपुर | छत्तीसगढ़ में किसानों को जल्द बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है | धान खरीदी के बाद जल्द ही सरकार किसानों के खाते में धान खरीदी की अंतर राशि डालने वाली है | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों के खातों में 12 हजार करोड़ की राशि का भुगतान किया जाएगा।
सत्ता में आने से पहले छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने किसानों से 3100 रुपये क्विंटल में धान खरीदी का वादा किया था | साल 2024 में 4 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई | लेकिन किसानों से मोटा धान 2300 प्रति क्विंटल और पतला धान 2320 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया | ऐसे में जो अंतर की राशि है वह धान बोनस के रूप में जल्द ही किसानों के खाते में आने वाली है | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया एक्स पर धान खरीदी अंतर राशि के बारे में बताया, उन्होंने कहा इस साल सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए, लगभग 150 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है | 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की गई है | मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी के आंकड़े आते ही धान खरीदी की अंतर राशि किसानों को देने का वादा पहले ही हमने किया था | ये बताते हुए खुशी हो रही है कि मोदी गारंटी को पूरा करते हुए एकमुश्त 12 हजार करोड़ की राशि का भुगतान हो जायेगा | आपके श्रम को मिले इस सम्मान से ही प्रदेश का नगर और गांव खुशहाल होगा | छत्तीसगढ़ में साल 2024-25 में धान खरीदी प्रदेश में इस साल खरीफ वर्ष 2024-25 में सरकार ने किसानों से 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की | कुल 25.49 लाख से ज्यादा किसानों ने धान बेचा | जिसके लिए किसानों को 31 हजार करोड़ से भी ज्यादा का भुगतान सरकार ने किया।