खुद को बताया निगम कर्मी, सरकारी आवास दिलाने का दिया झांसा और तीन दर्जन लोगों से लूटे लाखों
2023-03-28 04:13 PM
298
रायपुर। शासकीय आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगी करने वाली महिला आरोपी सोनाली दत्ता को राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया ने लगभग तीन दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। लोगों से छह लाख रुपये ठग लिए। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामनगर में रहने वाली ललिता मानिकपुरी ने शिकायत दर्ज कराई कि करीब 10 माह पहले सोनाली दत्ता नामक महिला से संपर्क हुआ। जो खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताती थी। उसने निगम के बड़े अधिकारी से अच्छा संबंध होने की बात कहीं और मोहल्ले के 30-35 लोगों को शासकीय योजना के अंतर्गत बने मकान दिलाने का झांसा दिया।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी महिला ने सभी से 20-20 हजार रुपये नकद लिया। कुल छह लाख रुपये सभी लेकर 90 दिन के भीतर मकान दिलाने की बात कहीं। 90 दिन बीत जाने के बाद भी मकान नहीं मिला तो सभी ने आरोपी महिला से संपर्क करने की कोशिश की,लेकिन उसका मोबाइल स्विच आफ आने लगा।
जिसके बाद सभी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और सभी पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी महिला सोनाली दत्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्ज से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी महिला हाल में मकान नंबर 156 सिमरन सिटी मुठपुरैना में रहती है। वह मूलतः हुडको भिलाई की रहने वालीहै। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।