रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के इक्के-दुक्के मामले ही सामने आ रहे थे। महीनों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर नए प्रकरणों में इजाफा देखने को मिल रहा है। भले ही राज्य के लिहाज से वर्तमान के आंकड़े बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन, फिर से हो रही शुरुआत चिंता का कारण बन सकता है। बीते कई महीनों से प्रदेश में नए कोरोना मरीजों की संख्या एक साथ 4 नहीं हुई थी, पर अब हर दिन प्रदेश की राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में नए मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। आलम यह है कि अब प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 39 पहुंच गई है।
सप्ताहभर पहले से प्रदेश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को एक साथ 7 नए मरीज मिले हैं, तो दुर्ग में 4 नए मरीज मिले हैं। केवल रायपुर में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 17 हो गई है, तो दुर्ग में आंकड़ा 10 और बिलासपुर में 7 पहुंच गया है। वहीं अब सरगुजा में खाता खुल गया है और कोरोना संक्रमित 1 नए मरीज की पुष्टि हुई है।
देश के कई शहरों में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए इसे चिंता की वजह कहा जा सकता है। खासतौर पर महाराष्ट्र और दिल्ली में जिस तेजी से कोरोना पांव पसार रहा है, वह देशभर के लिए खतरे की घंटी है। छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में लोगों का मुंबई और दिल्ली आना-जाना होता ही रहता है, ऐसे में संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सरकार को एक बार फिर सख्ती का रवैया अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।