प्रदेश स्तरीय नाचा महोत्सवः गम्मत ने समाज में निहित बुराइयों के प्रति लडऩे के लिए किया प्रेरित
2023-04-01 09:30 AM
443
रायपुर। दुर्ग जिले के ग्राम निकुम में तीन दिवसीय नाचा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 31 मार्च को महोत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत नाचा गम्मत के शीर्ष कलाकार स्व. दाऊ रामचंद्र देशमुख, स्व.खुमान लाल साव, स्व. मदन मंदराजी, स्व.बाबु दास बोडेला, स्व.झुमुकदास बघेल, स्व.नियईक दास मानिकपुरी के तैलचित्रो पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में अपनी बहुमूल्य संस्कृति को समेटे हुए हमारी धरोहर है नाचा गम्मत, जिसमें हमारे क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकारों के द्वारा अपनी हास्य अदाकारी, उनके भावपक्ष, नाचा पार्टी का उद्देश्य हमारे मानव समाज में निहित विभिन्न बुराइयों के प्रति लडऩे के लिए, आगे आने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह सिर्फ मनोरंजन का साधन ना होकर हमारी संस्कृति के साथ साथ समाज में विभिन्न बुराइयों के ऊपर कटाक्ष करने का माध्यम है।
उन्होंने आगे कहा कि नाचा गम्मत धरोहर को सहेजने के लिए, हमारी आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमारे युवा वर्ग आज परस्पर सामने आकर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करा रहे हैं, जो निश्चित ही हमारे आने वाले भविष्य के लिए बहुत अच्छा साबित होगा। उन्होंने आगे कहा कि जब से प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व विलुप्त लोककला संस्कृति को फिर से सहजने का काम कर रही है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन अमोल प्रभु नाचा गम्मत रनचिरई जिला बालोद, छग महतारी नाचा गम्मत कुम्हारी रायपुर, माटी के सिंदूर नाचा गम्मत बूटाकसा मानपुर मोहला,चंदा के मया नाचा गम्मत छिपली धमतरी,जय सूर्या नाचा गम्मत रानीदाहरा कवर्धा,जय चंडी मां नाचा गम्मत बिरकोनी महासमुंद के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष शालिनी रिवेन्द्र यादव, अध्यक्ष जनपद पंचायत दुर्ग देवेन्द्र देशमुख, नन्द कुमार सेन, अध्यक्ष सेवा सहकारी समिति निकुम धरमदास साहू, सरपंच मुक्ति सुधाकर, सलाहकार समाज सेवी हर्ष साहू, उपसरपंच मनीष बेलचंदन, मुरली देशमुख, जनपद सदस्य रूपेश देशमुख, टिकेश्वरीलाल देशमुख, नोहर साहू,सरपंच हुल्ली बाई साहू , पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत आलबरस रोशन लाल देशमुख, रिवेंद्र यादव सहित ग्रामीण जन उपस्थिति रहे।