रायपुर

’छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण-2023’ शुरूः एक से 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण अभियान ’छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण-2023’ कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने इस दौरान सर्वेक्षण दल को हरी झण्डी दिखाकर प्रदेश के जिलों के लिए रवाना किया और अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। सर्वेक्षण का कार्य पूरे प्रदेश में एक अप्रैल से 30 अप्रैल 2023 तक चलेगा। 
 
 
 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आज एक अप्रैल को वित्तीय वर्ष प्रारंभ होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जनहित में राज्य सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण अभियान ’छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण-2023’ के कार्य की शुरूआत हो गई है। यह नई-नई योजनाओं को बनाने और उनका बेहतर क्रियान्वयन कर लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। 
 

सर्वेक्षण का उद्देश्य विगत वर्षों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जन सामान्य के जीवन स्तर पर पड़े प्रभाव का आकलन कर प्राप्त डाटा का भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा नई योजनाओं के निर्माण के लिए उपयोग किया जाना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वेक्षण से विभिन्न योजनाओं से वंचित हितग्राही भी अब नवीन सूची में शामिल हो पाएंगे और उन्हें पात्रता के अनुसार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ मिलेगा। 

 
 
कार्यक्रम को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा जनहित में की गई घोषणा के अनुरूप आज छत्तीसगढ़ में दो महत्वकांक्षी योजनाओं की शुरूआत हो गई है। यह लोगों के उत्थान तथा राज्य के विकास की दिशा में अहम साबित होंगे।