घुसपैठियों की खैर नहीं! छत्तीसगढ़ में ‘जय छत्तीसगढ़ अभियान’ के तहत शुरू हुई सख्ती, टोल फ्री नंबर भी जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों की पहचान और उन्हें राज्य से बाहर निकालने के लिए बड़ा कदम उठाया है। गृह विभाग ने इस अभियान के तहत टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है, जिस पर आम जनता संदिग्ध घुसपैठियों की जानकारी साझा कर सकती है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि राज्यभर में ‘जय छत्तीसगढ़ अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत जिलावार एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) का गठन किया गया है। इन टीमों को ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।
जो भी सूचना इस नंबर पर दी जाएगी, उसका रिकॉर्ड जिलावार रूप से संकलित किया जाएगा और वेरिफिकेशन के बाद एसटीएफ द्वारा कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घुसपैठियों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
“छत्तीसगढ़ की धरती पर घुसपैठियों को अब एक-एक कर ढूंढ़कर निकाला जाएगा,” ऐसा कहना है उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का। यह कदम राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।