लाखेनगर चौक में होगी शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे की प्रतिमा स्थापित
रायपुर। नक्सल हमले में बीते दिनों शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे की प्रतिमा लाखेनगर चौक पर स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा न केवल शहीद के बलिदान की स्मृति को जीवित रखेगी, बल्कि युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित भी करेगी। उक्ताशय के विचार आज महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन, रायपुर में शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे की श्रद्धांजलि सभा में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहीं।
कार्यक्रम में शहीद के माता-पिता, पत्नी, पुत्र-पुत्री एवं अन्य परिवारजन विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनके प्रति समाज ने गहन संवेदना और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों और विभिन्न क्षेत्रों से नागरिकों ने एकत्र होकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्र के प्रति बलिदान को नमन किया।
महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकरा काले ने शहीद की निष्ठा, बहादुरी और देशभक्ति की सराहना करते हुए उनके जीवन को राष्ट्र के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि आकाश राव गिरपुंजे मिलनसार और सरल स्वभाव के थे। उनकी राष्ट्रभक्ति हमारे लिए प्रेरणादायी है।
श्रद्धांजलि सभा में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, वार्ड पार्षद एवं MIC सदस्य सरिता दुबे बतौर अतिथि उपस्थित थे। महाराष्ट्रीयन तेली समाज रायपुर के अध्यक्ष राजकुमार बारबुधे ने शहीद के पिता को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जो सभी उपस्थित जनों के लिए भावुक और प्रेरणादायक क्षण रहा।
सभा में रायपुर के साथ-साथ समाज की अन्य इकाइयों से भी प्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से विनोद धुर्वे, गौरीशंकर बावनकर, विजय वजारी, वीणा कुंबलकर, रितु गभने, राहुल बावनकर, जितेंद्र निर्वाण, भिलाई-चरोदा अध्यक्ष अशोक पोटभरे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।