छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्रः खाद संकट पर गरमाया सदन, कांग्रेस विधायकों ने गर्भगृह में किया प्रदर्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मॉनसून सत्र 2025 के पहले दिन प्रदेश में उठे खाद और बीज संकट को लेकर सदन में हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। उन्होंने सदन में स्थगन प्रस्ताव स्वीकार कर तत्काल इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष महंत को समर्थन देते हुए पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि, सरकार खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है। किसान बाजार से दोगुने दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। छत्तीसगढ़ का किसान संकट में है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
इस मुद्दे पर सरकार की ओर से चर्चा की स्वीकृति नहीं दी गई। जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने जमकर विरोध किया। असन्धि के अग्राह के बाद समस्त कांग्रेस विधायक गर्भगृह में पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे की स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही पाँच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।