रायपुर में नकली और जहरीले पनीर की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भारी गंदगी के बीच संचालित इस फैक्ट्री में दबिश देकर 700 किलो से ज्यादा नकली पनीर जब्त किया है। चौकाने वाली बात ये है कि यह फैक्ट्री पहले भी दो बार पकड़ी जा चुकी है।
रायपुर के एक औद्योगिक इलाके में चल रही इस फैक्ट्री में सस्ते तेल, मिल्क पाउडर और केमिकल्स को मिलाकर नकली पनीर यानी एनालॉग बनाया जा रहा था। फैक्ट्री में मौजूद गंदे पानी, बर्फ और तेज़ाब के डिब्बों ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।यह फैक्ट्री मुरैना के हुकुमचंद बंसल और उनके बेटे अंकुर बंसल द्वारा चलाई जा रही थी। ये वही बंसल हैं जिन्हें रायपुर में पहले भी नकली पनीर बनाते पकड़ा गया था।
फैक्ट्री से 700 किलो नकली पनीर, भारी मात्रा में मिल्क पाउडर, तेल के टिन और तेज़ाब के डिब्बे जब्त किए गए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि दस दिन पहले भी इस फैक्ट्री में महिला अधिकारी ने जांच की थी और गंदगी पाई गई थी, लेकिन इसके बाद भी फैक्ट्री बेरोकटोक चलती रही।फैक्ट्री के सभी कर्मचारी मुरैना के रहने वाले हैं। सवाल ये उठ रहे हैं कि जब पहले भी यह फैक्ट्री पकड़ में आई थी, तो फिर इसे दोबारा क्यों चलने दिया गया? खाद्य विभाग की कार्रवाई पर अब सवालिया निशान लग रहे हैं।