रायपुर। राजधानी रायपुर के भाटागांव चौक स्थित रावण भाटा मैदान में नवनिर्मित बैडमिंटन हॉल का शुभारंभ सांसद बृजमोहन अग्रवाल के द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में दूधाधारी मठ के महंत रामसुंदर दास, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, रायपुर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा, पार्षद एवं MIC मेंबर मनोज वर्मा, जोन अध्यक्ष व पार्षद बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद रमेश सपहा, पार्षद रवि सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज बहुत खुशी की बात है कि आज से 5 साल पहले इस बैडमिंटन हॉल का भूमिपूजन किया गया था, और आज 5 साल बाद 40 लाख की लागत से बैडमिंटन हॉल बनकर तैयार है, मैं सभी को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि इस बैडमिंटन हॉल से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी और खेल के क्षेत्र में रायपुर को नई पहचान मिलेगी।
वहीं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने बैडमिंटन हॉल के शुभारंभ पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अब उत्तम सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अभ्यास कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है, साय सरकार द्वारा खेल क्षेत्र के सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। आज छत्तीसगढ़ खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बृजमोहन अग्रवाल एक प्रख्यात और कर्मठ जननेता के रूप में जाने जाते हैं। रायपुर के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनकी दूरदर्शिता और मेहनत का ही परिणाम है कि आज रायपुर देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है।” आज बैडमिंटन हॉल के शुभारंभ से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आयोजन के लिए एक उत्कृष्ट मंच मिलेगा।