रायपुर

संगीत से जागी स्वच्छता की चेतना : एनआईटी रायपुर के रागा म्यूज़िक क्लब की अनोखी पहल

रायपुर। स्वच्छता को केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि संस्कृति और मूल्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के रागा म्यूज़िक क्लब ने स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के अंतर्गत प्रेरणादायी संगीत प्रस्तुति दी। सुरों और संदेश का यह अनूठा संगम श्रोताओं के लिए सामाजिक चेतना जगाने वाला अनुभव साबित हुआ।

कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. नरेश कुमार नागवानी, डॉ. शिरीष वी. देव, डॉ. डीसी. झारिया, डॉ. मृदु साहू, डॉ. टीपी साहू और डॉ. दिबाकर साहा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों और भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत कर्तव्य नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और पर्यावरणीय मूल्यों से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। संगीत की इस शक्ति ने स्वच्छ और हरित भारत के मिशन को नई अभिव्यक्ति दी।

इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि एनआईटी रायपुर शिक्षा और अनुसंधान में ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहन देने में भी अग्रणी है। रागा म्यूज़िक क्लब की प्रस्तुति ने यह साबित किया कि रचनात्मकता और कला परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने में सक्षम है।