बिना पासपोर्ट-वीजा राजधानी में रह रही थी दो विदेशी महिला, पुलिस ने लिया हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विदेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। दोनों महिलाएं बिना पासपोर्ट और वीजा के रायपुर में रह रही थीं। यह कार्रवाई इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी के सहयोग से की गई है।
जानकारी के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाएं उज़्बेकिस्तान की बताई जा रही हैं। पुलिस ने उन्हें रायपुर के एरीना होटल से पकड़ा है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और उनके भारत आने व रायपुर में ठहरने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।