रायपुर यातायात कमिश्नरेट का सख्त अभियान, 160 से अधिक बुलेट से मॉडीफाई सायलेंसर जब्त
2026-02-08 08:25 AM
24
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने 15 दिनों में व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत बुलेट वाहनों में मॉडीफाई सायलेंसर का अवैध उपयोग करने वालों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्यवाही की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला एवं पुलिस उपायुक्त श्री विकास कुमार के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी की टीम ने 15 दिन में 160 से अधिक बुलेट वाहनों से अवैध मॉडीफाई सायलेंसर जब्त किए। पुलिस कमिश्नर रायपुर संजीव शुक्ला ने निर्देशित किया कि बुलेट वाहन चालकों द्वारा तेज आवाज वाले मॉडीफाई सायलेंसर का प्रयोग सार्वजनिक मार्गों पर दुर्घटना का कारण बन रहा है।
इसके साथ ही सायलेंसर बेचने और लगवाने वाले फर्म एवं दुकानदारों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। अभियान के दौरान यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वाले नशेड़ी चालकों पर भी लगातार अभियान चलाया गया। मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत 90 से अधिक शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा इन चालकों पर दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बताया कि नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए भी गंभीर खतरा है।
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनना चाहिए, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए। नाबालिगों को वाहन चलाने नहीं दें, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि सीमित गति का पालन करना सुरक्षित जीवन का मूलमंत्र है। इस अभियान से रायपुर में यातायात व्यवस्था में सुधार के स्पष्ट संकेत मिले हैं। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लगातार निगरानी रखी। मॉडीफाई सायलेंसर और नशेड़ी वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई से सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।