रायपुर

आईबीसी24 ने वीडियो जर्नलिस्ट को 124 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई: स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट
0 आईबीसी के संजय सिंहदेव टूर्नामेंट का पहला हैटट्रिक विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे

रायपुर। रायपुर प्रेस खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच जारी है। नेताजी सुभाष स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में आईबीसी24 ने वीडियो जर्नलिस्ट को 124 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आलराउंडर प्रदर्शन करने वाले आईबीसी24 के संजय सिंहदेव मैन ऑफ द मैच रहे। संजय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का पहला हैटट्रिक विकेट अपने नाम किया। 

वीडियो जर्नलिस्ट के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया, जो टीम पर भारी पड़ गया। आईबीसी24 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 1 विकेट पर शानदार 179 रन बनाए। टीम के ओपनर बल्लेबाज  संजय सिंहदेव और अविनाश कर ने तेज शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर शुरुआती 3 ओवर में ही टीम के लिए 48 रन जोड़ दिए। क्रीज पर जमकर खेल रहे संजय सिंहदेव तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर गेंद को बाउंड्री पार भेजने के चक्कर में फील्डर रेखराम देवांगन को कैच थमा बैठे। संजय ने 12 गेंदों में 2 चौके व 3 छक्के की मदद से 27 रन बनाए। इसके बाद आये रामेश्वर मिश्रा ने एक छोर पर टिककर जमकर बल्लेबाजी की। अविनाश कर दूसरे छोर पर जमे रहे। फिर दोनों बल्लेबाजों में चौके-छक्के की झड़ी लगा दी। वीडियो जर्नलिस्ट का कोई भी गेंदबाज दोनों बल्लेबाजों की जोड़ी को तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाया। अविनाश और रामेश्वर ने शानदार नाबाद अर्द्धशतकीय पारी खेली। अविनाश ने 32 गेंदों में 5 चौके और 7 छक्के की मदद से 84 रन बनाए, जबकि रामेश्वर ने 6 चौके और 4 छक्के जड़कर 22 गैंदों में 56 रन ठोके। वीडियो जर्नलिस्ट की ओर से एकमात्र सफलता सुनील सनोदिया को मिली। बाकी गेंदबाजों ने सिर्फ रन ही लुटाए। गोपेन्द्र निर्मलकर सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 2 ओवर में 48 रन दिए। 

जवाब में 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीडियो जर्नलिस्ट की पूरी टीम आईबीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 8 ओवर में ही महज 55 रन पर सिमट गई। टीम के ओपनर बल्लेबाज हर्ष होरी साहू और अंतिम बल्लेबाज एएन अमीन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। बाकी बल्लेबाज क्रीज पर आते गए और आउट होते गए। होरी साहू ने 4 चौके और एक छक्का  की मदद से 23 रन बनाए। वहीं अमीन ने 2 चौके की मदद से 10 रन बनाये। तीन बल्लेबाज मनीष हरपाल, गोपेन्द्र और रेखराम बिना खाता खोले शून्य पर पैवेलियन लौटे। इकराम कुरैशी और सुनील सिनोदिया ने 3-3 रन बनाए। आईबीसी की ओर से संजय सिंहदेव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टूर्नामेंट का पहला हैटट्रिक विकेट लेते हुए 4 बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा। इसके अलावा तहसीन जैदी और विशाल श्रीवास्तव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि विजय गुर्जर और रामेश्वर मिश्र को एक-एक विकेट लेने में सफलता मिली। 

कार्यक्रम के अतिथि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, वरिष्ठ पत्रकार राजेश दुबे थे। सभी अतिथियों ने दोनों टीम के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस मौके पर अतिथियों ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब और नई कार्यकारिणी की सराहना की।
 
कार्यक्रम में शानदार आलराउंडर प्रदर्शन के लिए आईबीसी24 के संजय सिंहदेव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही दोनों टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार संदीप पुराणिक, प्रदीप दुबे, राजेन्द्र निगम, खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा, सह संयोजक शंकर चंद्राकर व अख्तर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे। मैच के अंपायर वैदुर्य निगम व अनुराग और स्कोरर पी. रामाराव नायडू व महेन्द्र सिंह रहे।
शनिवार 14 फरवरी को सुबह 7.30 बजे टूर्नामेंट की तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच डीबी डिजिटल और एस जरनोस के बीच खेला जाएगा।