लोकभवन से गूंजा मानवता और सेवा का संदेश.... राज्यपाल ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं का किया सम्मान
रायपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा लोकभवन, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ मंडप में विश्व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष रमेन डेका जी थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने की।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 130 स्वैच्छिक रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट मानवीय योगदान, सेवा भावना तथा समाज के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। अपने करकमलों से रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। रक्तदाता किसी अपरिचित व्यक्ति के जीवन को बचाकर समाज में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का नियमित रक्तदान अनेक परिवारों के लिए जीवन की आशा बन सकता है। महामहिम ने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।


समारोह में महामहिम राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, महामहिम राज्यपाल के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी हरेन्द्र सिंह जडेजा,भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन रुपेश कुमार पाणिग्राही, सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित, रेडक्रॉस सोसायटी ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सत्यनारायण पाण्डेय, तथा राज्य प्रबंध समिति के सदस्य अशोक अग्रवाल, जय नारायण सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार साहू, नरेंद्र मेश्राम, अमित हलदर एवं राजेन्द्र राव उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जिला शाखाओं के पदाधिकारी, स्वैच्छिक रक्तदाता, गणमान्य नागरिक तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी समारोह में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि स्वैच्छिक रक्तदान केवल एक स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का सशक्त माध्यम है। रक्तदान के माध्यम से हम न केवल किसी का जीवन बचाते हैं, बल्कि एक संवेदनशील, सहयोगी और जागरूक समाज के निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने महामहिम राज्यपाल महोदय, सभी विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित रक्तदाताओं, रेडक्रॉस पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रेडक्रॉस का सतत संकल्प है।

विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक प्रेरणादायी अभियान भी था। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वैच्छिक रक्तदान को अपने सामाजिक दायित्व का हिस्सा बनाकर मानवता की इस महान सेवा में सहभागी बनें।