रायपुर

अग्रसेन महाविद्यालय में 'तीज पर्व' पर राज्य स्तरीय व्यंजन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में हरितालिका तीज के पावन अवसर पर  व्यंजन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक उत्सव में छत्तीसगढ़ सहित भारत की विविध संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अग्रसेन महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. व्ही. के. अग्रवाल एवं प्रशासनिक अधिकारी व प्राचार्य डॉ. अमित अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं के हुनर की सराहना की। इस वर्ष व्यंजन प्रतियोगिता की थीम बेहद अनूठी रखी गई थी, जिसके तहत नियमों के अनुसार प्रतिभागियों को भारत के अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए वहां के पारंपरिक व्यंजन तैयार करने थे। छात्रों ने अपनी पाक कला से मिनी भारत का दृश्य जीवंत कर दिया। कड़े मुकाबले के बीच निर्णायकों ने विजेताओं की घोषणा की।

प्रथम स्थान शशि तरार (PGDJ की छात्रा) – जिन्होंने अपने उत्कृष्ट स्वाद और बेहतरीन प्रस्तुतीकरण से पहला स्थान हासिल किया द्वितीय स्थान  कार्तिक लखवानी – जिन्होंने अपनी कलात्मक रेसिपी के लिए दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीज के महत्व को दर्शाती मेहंदी प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक और आधुनिक डिज़ाइन बनाए। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे। प्रथम स्थान: श्रद्धा साहू  बीकॉम द्वितीय स्थान: योगिता साहू (बी.कॉम)

प्रतियोगिताओं में निष्पक्ष परिणाम तय करने के लिए एक विशेष निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। जज के रूप में विकास शर्मा, भावना गढ़वाल, निधि देवांगन और श्वेता अग्रवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने व्यंजनों के स्वाद, पोषण, स्वच्छता और मेहंदी की बारीकियों को बारीकी से जांच-परख कर विजेताओं का चुनाव किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. व्ही. के. अग्रवाल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, "ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़े रखने का काम करते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की सह-पाठ्यचर्या गतिविधियां Co-curricular activities छात्रों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।"

महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, "अग्रसेन महाविद्यालय हमेशा से ही छात्रों की प्रतिभा को एक सही मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। व्यंजन प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की थीम रखना हमारे देश की 'विविधता में एकता' को दर्शाता है। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं।"आयोजन के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ यूलेंद्र राजपूत ने सभी का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में आयोजन प्रभारी षष्ठी रानी पांडेय, रिदवाना हसन और ईशा गोस्वामी की मुख्य भूमिका रही।