छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज भव्य समापन, अमित शाह करेंगे प्रतिभाओं का सम्मान
2026-11-03 08:27 AM
31
रायपुर : छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध लोकपरंपराओं और कला-संगीत के रंगों से सजे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आज मंगलवार, 3 नवंबर को भव्य समापन होगा। नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। राज्योत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला आयोजित की गई है। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को प्रदेश की लोकसंस्कृति से रूबरू कराएंगी। वहीं बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से समापन समारोह की शाम को यादगार बनाएंगे। मुख्य मंच के साथ शिल्पग्राम में भी विभिन्न जिलों के कलाकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेंगे।
अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में राज्य अलंकरण समारोह
राज्योत्सव के समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण राज्य अलंकरण समारोह रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कला, संस्कृति, साहित्य, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य अलंकरण समारोह उन प्रतिभाओं के योगदान को रेखांकित करने का अवसर होगा, जिन्होंने अपनी मेहनत, साधना, सृजनशीलता और उपलब्धियों से छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भी अपनी प्रतिभा विकसित करने और प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
शाम 6 बजे से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
राज्योत्सव के मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत होगी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे से 7 बजे तक पद्मश्री उषा बारले अपनी विशिष्ट लोकसांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह निर्धारित है। इसके बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। उनके लोकप्रिय गीतों के साथ राज्योत्सव का अंतिम दिन संगीत और उत्साह से सराबोर रहेगा।
शिल्पग्राम में दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मुख्य मंच के अलावा शिल्पग्राम में भी दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। यहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए कलाकार दस प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति, आदिवासी परंपराओं, शास्त्रीय नृत्य और संगीत की विविधता को प्रदर्शित करेंगे। रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन प्रस्तुत करेंगी। दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा को मंच पर जीवंत करेंगी। कबीरधाम के राकेश सेन लोकमंच प्रस्तुति देंगे। रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगे, जबकि पूर्णिमा साहू जसगीत और जगराता भजनों से दर्शकों को भक्तिमय वातावरण का अनुभव कराएंगी। इसके अतिरिक्त अभिषेक सोनकर आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देंगे। दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य और अनुष्णा रॉय चौधरी कथक की प्रस्तुति देंगी। वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत प्रस्तुत करेंगे, जबकि आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति का दिखेगा अनूठा संगम
राज्योत्सव के अंतिम दिन पंथी नृत्य, पंडवानी, लोकगीत, कथक, सूफी संगीत, आदिवासी नृत्य और बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। तीन दिवसीय राज्योत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोकपरंपराओं और प्रतिभाओं को व्यापक मंच प्रदान करना है। राज्य अलंकरण समारोह के माध्यम से प्रदेश की उपलब्धियों को सम्मान मिलेगा, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत से परिचित कराएंगी।