रायपुर

गंदगी पर निगम की कार्रवाई, चांद बेकरी और भाठागांव शराब अहाता पर 10-10 हजार का जुर्माना

रायपुर। रायपुर नगर निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग में प्राप्त बेकरी में गन्दगी से सम्बंधित जनशिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देश पर जोन 6 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्ग निर्देशन और जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू की उपस्थिति में जोन क्षेत्र अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 क्षेत्र के अयोध्या नगर में चांद बेकरी की स्वच्छता का औचक निरीक्षण नगर निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वस्तुस्थिति की जानकारी लेने किया गया।

निरीक्षण के दौरान चांद बेकरी में भारी गन्दगी और स्वच्छता का अभाव पाया गया और प्राप्त जनशिकायत पूरी तरह से सही पायी गयी. सम्बंधित बेकरी के संचालक को भविष्य के लिए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई और उन्हें साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की कड़ी हिदायत नगर निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थल पर दी गई। संबंधित चांद बेकरी के संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई जुर्माना किया गया। जोन के स्तर पर प्राप्त जनशिकायत का त्वरित निदान किया गया।

वहीं नगर निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग द्वारा जोन क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव शराब दुकान अहाता में गन्दगी से सम्बंधित प्राप्त जनशिकायत पर वहाँ स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शराब दुकान अहाता भाठागांव में भारी गन्दगी और कचरा दिखने पर तत्काल संबंधित अहाता संचालक पर 10 हजार रूपये का ई जुर्माना जोन 6 जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सम्बंधित को भविष्य के लिए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए किया गया और प्राप्त जनशिकायत का जोन के स्तर पर त्वरित निदान किया गया।