रायपुर

रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव 28 नवंबर को... केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे अध्यक्षता

रायपुर। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (NSIC) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में 28 नवंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव तथा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय के उद्घाटन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उनकी क्षमता का विकास करना तथा उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जोड़ना है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 28 नवंबर 2026 को प्रातः 9 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव की अध्यक्षता भारत सरकार के माननीय केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कॉन्क्लेव का उद्देश्य राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास के लिए भारत सरकार की विभिन्न पहलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और प्रदेश के वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को इन योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) तथा राज्य सरकार सहित विभिन्न हितधारकों की सहभागिता रहेगी। इसके माध्यम से एससी-एसटी उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया, वित्तीय सहायता एवं बाजार तक पहुंच के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

कॉन्क्लेव के दौरान रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। यह कार्यालय छत्तीसगढ़ के एससी-एसटी वर्ग के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों के लिए समर्पित सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति की बड़ी आबादी तथा उद्यमिता विकास की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए इस पहल का विशेष महत्व है। कार्यालय के माध्यम से उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, निविदाओं में भागीदारी और सार्वजनिक खरीद में अवसर प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2016 में किया गया था। योजना का प्रमुख उद्देश्य एससी-एसटी समुदाय के उद्यमियों की क्षमता का विकास करना तथा उन्हें सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में प्रभावी रूप से भाग लेने के लिए सक्षम बनाना है। इसके अंतर्गत क्षमता निर्माण, व्यवसाय सहयोग, वित्तीय सहायता, निविदाओं में भागीदारी तथा विभिन्न सरकारी पोर्टलों पर पंजीकरण के लिए मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाती है।

भारत सरकार की सार्वजनिक खरीद नीति के अंतर्गत केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के लिए अपनी वार्षिक खरीद का न्यूनतम 25 प्रतिशत सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से करना अनिवार्य है। इसमें 4 प्रतिशत खरीद एससी-एसटी स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों तथा 3 प्रतिशत खरीद महिला उद्यमियों के स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से करना निर्धारित है।

योजना के अंतर्गत विशेष ऋण-संबद्ध पूंजीगत सब्सिडी योजना (SCLCS) के तहत पात्र एससी-एसटी उद्यमियों को संयंत्र एवं मशीनरी की खरीद पर 25 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिसकी अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये है। योजना के सकारात्मक प्रभाव का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 तक एससी-एसटी स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की सार्वजनिक खरीद में भागीदारी में योजना की शुरुआत के बाद से 36 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह क्षेत्र 10.19 करोड़ से अधिक उद्यमों के माध्यम से 31 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है तथा देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में लगभग 30 प्रतिशत और निर्यात में लगभग 45 प्रतिशत योगदान देता है।

छत्तीसगढ़ खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के साथ-साथ कृषि, वन आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण तथा अन्य लघु उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं रखता है। राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के संभावित उद्यमियों को भी उद्यमिता से जुड़ने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने में सहायता मिलेगी।

यह कॉन्क्लेव प्रदेश में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, एससी-एसटी समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और समावेशी औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।