इधर माथुर को सौंपा चुनाव का जिम्मा... उधर पीएम मोदी के लौटते ही... शाह के फिर छत्तीसगढ़ आने के संकेत
2023-07-08 12:07 PM
302
रायपुर। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को छत्तीसगढ़ में मिली करारी शिकस्त के बाद एक बार फिर 2023 के सियासी जंग के ऐलान का समय नजदीक आ चुका है। बीते चार सालों में भाजपा विधायकों ने सत्ता की जंग के लिए खास मशक्कत नहीं की, लेकिन चुनाव की नजदीकी को देखते हुए अब केंद्रीय नेताओं की सक्रियता जरुर नजर आ रही है।
महज पखवाड़े भर के भीतर गृहमंत्री अमित शाह का दौरा इस बात का प्रमाण है, तो अब उनके तीसरे दौरे के भी संकेत मिल रहे हैं। ऐसी संभावना है कि गृहमंत्री शाह 14 जुलाई को फिर से छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे और स्थानीय नेताओं के साथ उनकी बैठकों का दौर चलेगा। इससे पहले 5 और 6 जुलाई को उन्होंने मिशन के तौर पर स्थानीय नेताओं की बैठक ली थी, तो रिपोर्ट कार्ड भी दिखा दिया था।
शाह की रवानगी के तत्काल बाद प्रधानमंत्री मोदी की एक बड़ी जनसभा रायपुर में आयोजित हुई, जिसके बाद सियासी रूख बदला हुआ नजर आने लगा है। छत्तीसगढ़ में सत्तासीन कांग्रेस अब तक भाजपा को कमतर आंक रही थी, लेकिन पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के बाद अब कांग्रेस को भी अपनी क्षमता का आकलन करना पड़ रहा है।
बहरहाल गृहमंत्री शाह के दिल्ली लौटते ही छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर का कद और बढ़ गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ भाजपा का चुनाव प्रभारी भी नियुक्त कर दिया गया है, वहीं अब शाह के दौरे के बाद प्रदेश में भाजपा की सियासत को नई ताकत मिलने के आसार हैं।