संगठन से सरकार में पहुंचे मरकाम... शुक्रवार को लेंगे मंत्री पद की शपथ... राजभवन में हो रही तैयारियां
2023-07-13 04:58 PM
374
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में इस सप्ताह दो बड़े बदलाव हुए हैं। कांग्रेस में हो रहे इस फेरबदल की श्रृंखला को यहीं पर समाप्त नहीं माना जा सकता, फिलहाल जो बदलाव हुए हैं, उसके मुताबिक मोहन मरकाम जो दो दिन पहले तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के तौर पर दायित्व का निर्वहन कर रहे थे, अब शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके शपथ को लेकर राजभवन में तैयारियों का दौर भी शुरु हो चुका है।
गौरतलब है कि बस्तर सांसद दीपक बैज को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपने की तैयारी दो माह पहले ही शुरु हो गई थी, लेकिन सियासी समीकरण को देखते हुए तब लिए गए फैसले को टाल दिया गया था और अब उसे अमल में लाया गया है। मरकाम से संगठन के दायित्व को लेकर सांसद दीपक बैज को सौंपा जाना, उसके बाद अब मोहन मरकाम को कैबिनेट में शामिल करना सियासी समीकरण का हिस्सा है।
बहरहाल मंत्री पद की शपथ को लेकर मोहन मरकाम का कहना है कि पहले उन्हें संगठन का दायित्व सौंपा गया था, जिसे उन्होंने पूरी शिद्दत के साथ निभाया और अब पार्टी उन्हें मंत्री के तौर पर दायित्व सौंपना चाहती है, तो इसे भी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।