रायपुर में संगीन अपराधों का बढ़ रहा ग्राफ... सरेआम युवक को अगवा करने की हुई कोशिश... भीड़ देख अधमरा छोड़ भागे बदमाश
2023-07-18 01:29 PM
280
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधिक गतिविधियों ने जोर पकड़ रखा है। एक दिन पहले ही राजधानी में दिनदहाड़े एक के बाद एक उठाईगिरी की तीन वारदातें हो गईं, तो अब सरेआम युवक के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। इससे पहले भी डंगनिया के एक कारोबारी युवक को अगवा किया गया था, जिसे कबीरधाम जिले से बरामद किया गया।
मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है, जहां भवानी नगर इलाके में कुछ लोग एक युवक के अपहरण की कोशिश कर रहे थे। जोर-जबरदस्ती देखा तो आस-पास के लोग उनकी तरफ आने लगे। ये देख अपहरणकर्ताओं ने युवक को जमकर पीटना शुरू कर दिया। लोगों के पास आने से पहले ही उसे अधमरा कर वहीं छोड़कर वे भाग गए।
फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। हालांकि, अपहरण और मारपीट के कारण का अभी खुलासा नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।