रायपुर

‘हैलो जिन्दगी’ स्कूलों, मोहल्लों और नुक्कड़ में चल रहा पुलिस का जागरूकता अभियान

रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे हैलो जिन्दगीके तहत् विभिन्न स्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों, पब्लिक प्लेसेस, हाउसिंग सोसायटी, मोहल्ले, स्कूल/कॉलेज, यूनिवर्सिटी शासकीय एवं निजी कार्यालयों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।

इसी तारतम्य में 19 जुलाई को कबीर नगर में ग्राम सोनडांगरी, थाना राखी में आईटीएम यूनिवर्सिटी, गुढ़ियारी में रामनगर एवं रायपुर कॉन्वेन्ट स्कूल जनता कॉलोनी, टिकरापारा में शासकीय विद्यालय संजय नगर, कोतवाली में कालीबाड़ी चौक, खमतराई में काशीराम शर्मा हा.से. स्कूल भनपुरी, तथा थाना गुढ़ियारी, गोबरानयापारा, कबीरनगर, न्यू राजेन्द्र नगर, उरला, माना एवं नेवरा के क्षेत्रों में रायपुर पुलिस, अन्य समाज सेवी संगठनों एवं छात्रों के संयुक्त तत्वाधान में जन जागरूकता अभियान चलाया गया।

इसके साथ ही हैलो जिंदगीअभियान के तहत आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से टी-शर्ट, पोस्टर एवं पम्पलेट वितरित किए गए तथा मकानों के बाहर एवं आटो में पोस्टर/स्टीकर लगाने के साथ ही नुक्कड़, नृत्य व सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसका प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।  इस अभियान के तहत जिला के प्रत्येक थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में वॉल पेंटिंग कराने के साथ ही प्रमुख स्थानों में बैनर और पोस्टर भी लगवाए जा रहे है तथा जागरूकता हेतु तैयार की गई वाहनो को रायपुर के मुख्य स्थानों से लेकर अंदरूनी क्षेत्रों में घुमाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।