छत्तीसगढ़ महिला समाज ने रायपुर में निकाला कैंडल मार्च... इनके सीने में धधक रही ज्वाला... पढ़िए क्या है पूरा मामला
2023-07-22 12:48 PM
354
रायपुर। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई ज्यादती, हैवानियत और दरिंदगी के वायरल वीडियो को लेकर पूरा देश सुलग रहा है। खासतौर पर महिलाओं के सीने में जो ज्वाला धधक रही है, उसे शब्दों के माध्यम से वैसा नहीं बताया जा सकता, जैसा वास्तविकता में वो महसूस कर रही हैं। देश की सरकारें और कानून भले ही आरोपियों के खिलाफ सख्त हो गई है, लेकिन जो कुछ घट चुका, जिन यातनाओं के दौर से उन दोनों महिलाओं को गुजरना पड़ा है, उस हृदय विदारक घटना ने महिलाओं के आक्रोश को भड़का दिया है।
राजधानी रायपुर में भी इसका असर नजर आया है। छत्तीसगढ़ी महिला समाज की सदस्यों ने बड़ी तादाद में उस लोमहर्षक घटना के विरोध में हाथों में कैंडल लेकर मार्च किया। यह मार्च शहीद भगत सिंह चौक से तेलीबांधा तालाब तक निकाला गया। इसमें शहर के अलग-अलग वर्ग के लोग शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ी महिला समाज की अध्यक्ष मालती देवी ने कहा, आज मणिपुर के हालात बेहद खराब है। दो समुदाय के बीच एक तरह की हिंसा फैली हुई है कि सारा देश जिसे देखकर व्यथित है, हाल ही में महिलाओं के साथ दुष्कर्म कर उन्हें सार्वजनिक नग्न घुमाया गया। हम सरकार से शांतिपूर्ण कैंडल मार्च से यह मांग करते हैं कि इस तरह की पुनरावृत्ति ना हो और देश में महिलाएं सुरक्षित हो।