रायपुर

दोपहर बाद घिरे बादल... राजधानी में फिर झमाझम बारिश... प्रदेशभर में सक्रिय मानसून

रायपुर। रविवार को सुबह से धूप—छांव के खेल के बाद आखिर दोपहर बादल घुमड़ने लगे और फिर 3 बजे राजधानी में झमाझम बारिश की शुरुआत हो गई। शनिवार रात भी रायपुर शहर सहित प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में जोरदार बारिश हुई थी। बता दें कि मौसम विभाग ने 20 जुलाई से प्रदेशभर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 

मानसून को लेकर मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दिघा, रतलाम, बेतूल, चंद्रपुर, कोंडागांव, गोपालपुर और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर अंडमान सागर तक 2.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 

एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण पूर्व विदर्भ और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक विंड शियर जोन 20 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 
 
मौसम विभाग ने शनिवार अलर्ट जारी करते हुए बताया था कि प्रदेश में 23 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा भी होने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण छत्तीसगढ़ अधिकांश स्थानों पर, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश संभावित है। 25 जुलाई के आसपास बंगाल के खाड़ी में एक सिस्टम डेवलप होने की संभावना है । इसके कारण प्रदेश में लगातार वर्षा की गतिविधि उतार चढाव के बने रहने की सम्भावना है ।