छत्तीसगढ़ के निगम—मंडलों को लेकर... कुमारी सेलजा की दो टूक... नए चेहरों को दिया जाएगा मौका
2023-07-24 06:11 PM
309
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिल रही है। प्रदेश के ज्यादातर नेताओं को शीर्ष नेताओं का चक्कर काटते देखा जा रहा है, हर कोई किसी ना किसी तरीके से बड़े नेताओं को रिझाने के प्रयास में नजर आ रहा है। दरअसल, यह सब सियासी खेल है।
मामला जो सामने आ रहा है, उसके मुताबिक प्रदेश के अधिकांश निगम—मंडलों के अध्यक्षों और सदस्यों का कार्यकाल या तो समाप्त हो चुका है, या फिर होने वाला है। ऐसे में सत्ता का स्वाद ले चुके नेता अपने कार्यकाल को बढ़ाने की दरख्वास्त लिए शीर्ष नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। वहीं जिन्हें इस बात की जानकारी वे नए अध्यक्ष और सदस्य बनने के लिए अपनी जुगत भिड़ा रहे हैं।
इस बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा का इन नेताओं के लिए दो टूक बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी निगम या मंडल में किसी को भी रिपीट नहीं किया जाएगा। जो जगहें रिक्त हो चुकी हैं या होने वाली हैं, वहां पर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में एक आदेश भी जारी कर दिया है, जिसके मुताबिक इस सरकार का कार्यकाल 3 जनवरी 2023 तक ही है, इससे पहले नई सरकार का गठन किया जाना है। यानी स्पष्ट है कि दिसंबर से पहले चुनाव परिणाम आ जाएंगे।
ऐसे में कांग्रेस किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाह रही है। कांग्रेस की कोशिश है कि जिन लोगों को मौका नहीं मिला है, उन्हें फिलहाल पांच माह के लिए ही सही, पर पद दिए जाएं। इसके बाद कांग्रेस की सरकार आती है, तो उनका कार्यकाल चलता रहेगा और तीन साल पूरे होने पर नए लोगों को एक बार फिर मौका मिल पाएगा।