रायपुर

छत्तीसगढ़ के अनियमित कर्मचारियों के लिए... 15 अगस्त की तारीख बन सकती है खास... मिल रहे हैं संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनियमित कर्मचारी सालों से नियमितीकरण की आस लगाए बैठे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदेश में पहले भाजपा सरकार ने आशान्वित किया था, लेकिन भरोसा टूट गया। कांग्रेस ने साल 2018 के चुनाव से पहले युवाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार आते ही नियमितीकरण का तोहफा दिया जाएगा। 

बात आई, गई हो गई। अब साल 2023 के विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने का इंतजार भी समाप्त होने वाला है। जिसके बाद चुनावी शोरगुल शुरु हो जाएगा। ऐसे में केवल एक 15 अगस्त की तारीख है, जो प्रदेश के अनियमित कर्मचारियों के लिए खास बन सकती है। 

बीते पौन साल से अनियमित कर्मचारी लगातार सरकार से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। बजट सत्र में बड़ी आशा की नजरों से इन कर्मचारियों ने सरकार की ओर देखा था, पर उस वक्त निराशा हाथ लगी थी।

15 अगस्त को लेकर इसलिए चर्चा जोरों पर है, क्योंकि संकेत सरकार की ओर से ही मिल रहे हैं। सरकार ने सभी विभागों से अनियमित कर्मचारियों, दैनिक भोगियों की सूची को अपडेट कर मंगाया है। बता दें कि सीएम भूपेश बघेल ने बजट सत्र के बाद कहा था कि यह उनका अंतिम सत्र नहीं है, इसके बाद भी मौके हैं। लिहाजा निराश होने की जरुरत नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाला 15 अगस्त अनियमित कर्मचारियों के लिए खास तोहफा ला सकता है।