राजधानी में दर्दनाक हादसा... कार सहित युवक की जलकर मौत... रिटायर्ड हवलदार हैं पिता
2023-07-29 06:00 PM
770
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक की कार सहित जलकर दर्दनाक मौत हो गई है। घटना माना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां युवक कार में सवार होकर माना—धनेली एक्सप्रेस वे से अभनपुर की ओर जा रहा था। इसी बीच उसकी कार में आग लगी और युवक बाहर भी नहीं निकल पाया, जिसकी वजह से वह कार के भीतर ही जिंदा जल गया।
मृतक युवक की शिनाख्त सदाणी दरबार हाउसिंग बोर्ड निवासी चंद्रशेखर सिंह के तौर पर हुई है। उसके पिता रिटायर्ड हवलदार हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक कार और युवक पूरी तरह से जल चुके थे।
बताया जा रहा है कि युवक चंद्रशेखर सिंह परिहार की देवपुरी में बालाजी ट्रांसपोर्ट के नाम से दुकान है। पुलिस आशंका जता रही है कि रात में कार में सवार होकर वो अभनपुर की ओर जा रहा था। इस दौरान उसकी कार में आग लग गई। आग इतनी भीषण रही होगी कि आगजनी की इस घटना में चंद्रशेखर की भी जलकर मौत हो गई।