स्वतंत्रता दिवस के दूसरे ही दिन... छत्तीसगढ़ के शिक्षक निकालेंगे आक्रोश रैली... एकमात्र मांग को लेकर हैं नाराज
2023-08-14 02:30 PM
490
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की नजदीकी के साथ ही सरकार पर मांगों का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। सरकार हर वर्ग को खुश रखने का प्रयास कर रही है, लेकिन पूरी तरह से सफलता नहीं मिल पा रही है। इसमें एक वर्ग छत्तीसगढ़ के शिक्षकों का है, जो अपनी एकमात्र मांग को लेकर सरकार के खिलाफ ब्लॉक स्तरीय अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं, तो अब राजधानी में स्वतंत्रता दिवस के ठीक दूसरे ही दिन 'आक्रोश रैली' निकालने का ठान लिए हैं।
बता दें कि छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर 10 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदेश में इनकी कुल संख्या तकरीबन 1.80 लाख है। संघ की ओर से 13 अगस्त को राजधानी में 'आक्रोश रैली' निकालने की बात हुई थी, लेकिन स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए इसे 16 अगस्त को शिफ्ट कर दिया गया।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 15 अगस्त देश की आजादी का महोत्सव है। ऐसे में राष्ट्रीय पर्व के सम्मान को ध्यान में रखते हुए 13 अगस्त को जिला अध्यक्षों और आंदोलन समिति की ऑनलाइन बैठक में ये निर्णय लिया है कि 16 अगस्त को शिक्षक आक्रोश रैली का आयोजन रायपुर में होगा। बताया कि देश के प्रमुख राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए सभी शिक्षक साथी पहले अपने विद्यालय जाएंगे। 10 बजे तक अपने आंदोलन स्थल पर अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है।