वरिष्ठजनों की संस्था 'सहयोग' ने... स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को किया नमन... वर्तमान परिस्थितियों पर हुआ नाट्य मंचन
2023-08-14 06:46 PM
1065
रायपुर। 'सहयोग' यह राजधानी रायपुर में संचालित एक ऐसी संस्था है, जिसमें केवल 60 उम्र पार कर चुके लोग ही सदस्य हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले 'सहयोग' की मासिक बैठक हुई, जिसमें देश की आजादी के 76 वीं वर्षगांठ को लेकर समग्र चर्चा की गई और आजादी के लिए अपनी प्राणों की आहूति देने वाली वीरों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
संस्था की अध्यक्षा श्रीमती प्रमोदनी देशमुख सचिव रंजन भाटे ने बताया कि उनकी संस्था 'सहयोग' महीने में एक बार बैठक करती है, जिसमें उस माह के पारंपरिक पर्व को मनाया जाता है। बताया कि इस माह सबसे बड़ा पर्व स्वतंत्रता दिवस है। इस साल हम 76 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, लेकिन हमें यह आजादी यूं ही नहीं मिली है, बल्कि इसके लिए वीर बलिदानियों ने अपने प्राणों की आहूति दी है। जिस संघर्ष को उन्होंने झेला, यातनाएं बर्दाश्त की, उसे बर्दाश्त करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने सबकुछ बर्दाश्त किया और देश को गुलामी के जंजीरों से आजाद कराया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संध्या खंगन और श्रीमती दिव्या पात्रीकर ने किया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर संस्थान के सदस्यों का जन्म दिवस मनाया गया, जिनके जन्मदिन अगस्त माह में आते हैं।
इस दौरान संस्थान की सदस्यों श्रीमती पुष्पा पिपंळे एवं श्रीमती अर्चना मुकादम ने वर्तमानकालीन काम वाली बाई पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके अलावा एक अन्य नाटक का भी मंचन मौके पर किया गया, जिसमें एक कामकाजी बहू और सास के बीच के मधुर संबंधों को दर्शाया गया।