रायपुर महापौर ढेबर ने... दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए पेश की दावेदारी... ब्लॉक अध्यक्ष को सौंपा आवेदन
2023-08-21 07:03 PM
509
रायपुर। कांग्रेस के नेता आसन्न विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अब दावेदारी करने में जुट गए हैं। सोमवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने जहां विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया, तो दोपहर होते ही उनके पुत्र पंकज शर्मा ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी करते हुए अपना आवेदन ब्लॉक अध्यक्ष को सौंप दिया।
अब रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर ने भी दावेदारी की एक नहीं, बल्कि दो कील ठोंक दी है। पार्षद से महापौर बने एजाज ढेबर ने रायपुर दक्षिण के साथ ही रायपुर उत्तर से भी दावेदारी की है और अपना आवेदन ब्लॉक अध्यक्ष को सौंप दिया है।
उल्लेखनीय है कि रायपुर दक्षिण विधानसभा से अब तक भाजपा के वरिष्ठ और कद्दावर नेता बृजमोहन अग्रवाल अजेय रहे हैं। वहीं उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप विधायक ने साल 2018 के चुनाव में भाजपा के श्रीचंद सुंदरानी के हाथों से छिना था। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से कन्हैयालाल अग्रवाल पहली दावेदारी करने वाले कांग्रेस नेता हैं। ऐसे में अब ब्लॉक से पैनलिस्ट तैयार होकर जिला और फिर प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के पास पहुंचेगा, जिसके बाद अंतिम मुहर लगकर प्रत्याशी की घोषणा होगी।