रायपुर

रायपुर से गुजरने वाली इस ट्रेन का सफर होगा आरामदायक.... जानिए आखिर क्या बदलाव किया रेलवे ने

रायपुर। राजधानी रायपुर से चलने वाली रायगढ़- गोंदिया- रायगढ़ जनशताब्‍दी एक्‍सप्रेस अब नए कोच के साथ चलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेलवे द्वारा यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से गुजरने वाली सभी गाड़ियों में योजनाबद्ध तरीके से गाड़ियों में लगे पुराने पारंपरिक कोचों के बदले सुविधाजनक, आरामदायक और ज्यादा सुरक्षित नई तकनीक वाले एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

एलएचबी कोच यात्रियों के लिए काफी आरामदायक, सुविधायुक्त होता है। रेल परिचालन की दृष्टि से एलएचबी कोच काफी सुरक्षित है। वर्तमान समय की मांग पर अगर स्पीड की बात की जाए तो ये कोच सामान्य कोचों की अधिकतम गति 110-130 किलोमीटर की तुलना में 160 से भी अधिक की गति के लिए डिजाईन की गई है। इन कोचों में सामान्य कोचों की तुलना में ज्यादा जगह होती है। आईसीएफ़ कोच की तुलना में एलएचबी कोच में बर्थ की संख्या भी अधिक होती है। इससे रेल यात्रियों को अधिक से अधिक बर्थ की सुविधा प्रदान करने में भी सहायता मिल रही है। एलएचबी कोच में हाइड्रोलिक सस्पेंशन का प्रयोग किया जाता है। वही दाएं बाएं मूवमेंट के लिए भी सस्पेंशन का प्रयोग किया गया है, जिससे सफर आरामदायक हो जाता है।