छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रिजवी का निधन... मप्र में पापुनि अध्यक्ष का निभाया था दायित्व
2023-08-31 05:03 PM
594
रायपुर। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता इक़बाल अहमद रिजवी का आज रायपुर में निधन हो गया। इक़बाल अहमद काफी समय से बीमार चल रहे थे। राजधानी के एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इसकी जानकारी इक़बाल अहमद रिजवी के भतीजे फराज अहमद रिजवी ने दी।
वरिष्ठ नेता इक़बाल अहमद रायपुर के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। इसके अलावा अविभाजित मध्यप्रदेश के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष का दायित्व भी निभाया था। साथ ही वे रायपुर जिले के कांग्रेस पार्टी के सबसे लम्बे समय तक अध्यक्ष भी रहे। छत्तीसगढ़ में पहले मुख्यमंत्री अजित जोगी के कार्यकाल में वे अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य रहे। बाद में वे अजित जोगी द्वारा गठित पार्टी JCC में शामिल हो गए। जोगी के निधन के बाद वे फिर से कांग्रेस पार्टी में आ गए थे।
जोगी कांग्रेस के प्रवक्ता भगवानु नायक ने इक़बाल अहमद के निधन को छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उनसे काफी कुछ सीखने को मिला, वे अपने आप में एक विश्वविद्यालय थे।