शनिवार को भूपेश कैबिनेट की अहम बैठक... फिर चर्चा में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण... मिला है बड़ा आश्वासन
2023-08-31 06:26 PM
659
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की नजदीकियों को ध्यान में रखते हुए इस कैबिनेट की बैठक में समीक्षात्मक चर्चा की जाएगी, तो वहीं रणनीतिक मुद्दों पर विचार करते हुए कुछ अहम विषयों पर फैसले लेकर मुहर लगाए जाने की संभावना भी बन रही है।
प्रदेश में इस वक्त सबसे अहम मसला संविदा कर्मियों से संबंधित है। नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदेश के लाखों संविदाकर्मियों ने तेवर दिखाए थे और मोर्चा खोल दिया था। उनकी हड़ताल को देखते हुए सरकार ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सकारात्मक संदेश भेजकर आंदोलन तो समाप्त करा दिया, लेकिन अब बारी उस आश्वासन को पूरा करने की है।
हालांकि सरकार ने प्रदेश के संविदाकर्मियों के वेतन में 27 प्रतिशत का इजाफा करने की घोषणा पहले ही कर दी है, लेकिन संविदाकर्मियों ने असंतोष जाहिर करते हुए आंदोलन को जारी रखा था और नियमितीकरण की मांग पर जोर दिया था।
शनिवार 2 सितंबर को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की जो अहम बैठक बुलाई है, माना जा रहा है कि इस बार नियमितीकरण के मसले पर बड़ा फैसला आएगा। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर जानकारी सामने नहीं आई है।