छत्तीसगढ़ में मानसून हुआ मेहरबान... रविवार सुबह से बदला मौसम का मिजाज... हो रही बरसात
2023-09-03 10:21 AM
743
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते एक सप्ताह से मौसम की बेरूखी की वजह से गर्मी जैसे हालात नजर आ रहे थे। चिलचिलाती धूप और मौसम की शुष्कता की वजह से उमस ने बेचैनी बढ़ा दी थी। मौसम के इस तेवर की वजह से बीमारियों का भी दौर शुरु हो गया है। जिस पर रविवार सुबह राहत की बूंद पड़ी है।
भादो का महीना लग चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में मानसून का वैसा तेवर देखने को नहीं मिला है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। दो महीना के सावन को लेकर उत्साह का माहौल था, पर इस बार किसानों से लेकर आमलोगों को कहीं ज्यादा निराश और परेशान होना पड़ रहा है।
बीते एक सप्ताह से मानसून की बेरूखी का असर प्रदेश में नजर आ रहा था, जिसकी वजह से गर्मी लगातार बढ़ती ही जा रही थी। आलम यह था कि तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसकी वजह से प्रदेश में लोग हलाकान हो रहे थे।
रविवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी सहित प्रदेश के सभी हिस्सों में आज दिनभर बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इससे मौसम में छाई शुष्कता दूर होगी, जिससे राहत के आसार हैं।