रायपुर

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में रखी 'छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ की आधारशिला... 49.50 करोड़ की लागत से बनेगा सर्वसुविधायुक्त कृषि भवन

रायपुर। नवा रायपुर के सेक्टर-19 में 49.50 करोड़ की लागत से बनने वाले ‘छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ का भूमिपूजन और सेक्टर-24 में 40.01 करोड़  की लागत से निर्मित ‘छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मण्डी बोर्ड’ के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। कार्यक्रमों की अध्यक्षता कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी मंत्री ताम्रध्वज साहू कर रहे है। 


बतादें कि कृषि भवन में कृषि, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, जल ग्रहण प्रबंधन, पशुधन विकास और  मछली पालन विभाग के संचालनालय संचालित होंगे। एकीकृत कृषि भवन के निर्माण से सहयोगी संस्थाओं के बीच आपसी सांमजस्य में वृद्धि होगी। कृषि विकास के कार्यों में गति आयेगी, राज्य भर के किसानों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे सुलझाया जाएगा। कृषि भवन कृषि विकास के ‘समन्वित संसाधन केन्द्र’ के रूप में विकसित होगा।  कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी मंत्री ताम्रध्वज साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे भी उपस्थित है।