रायपुर

मिलेट वॉकथॉनः शासकीय डीबी गर्ल्स पीजी कालेज की छात्राओं ने की जन जागरण की पहल

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के उपलक्ष्य में राजधानी स्थित शासकीय डीबी  गर्ल्स  पीजी कालेज के गृहविज्ञान विभाग और नेट प्रोफेन छत्तीसगढ़ चेप्टर के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं द्वारा पोषण माह के अंतर्गत मिलेट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस वॉकथॉन में गृह विज्ञान संकाय की छात्राओं के साथ-साथ दिशा महाविद्यालय के बीएड के विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय की अनेक छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.  किरण गजपाल ने सर्व प्रथम छात्राओं को शपथ दिलाई,  जिसमें छात्राओं ने अत्यंत पौष्टिक मिलेट्स जैसे रागी, कोदो, कुटकी, कंगनी, ज्वार आदि को प्रतिदिन के आहार में शामिल करने, भारतीय किसानों और बाजारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पोषक अनाज की खपत बढ़ाने तथा उसकी महत्ता फिर से स्थापित करने की शपथ ली।  संतुलित और पौष्टिक आहार जिसमें विभिन्न प्रकार के फल और सब्जियां, मोटा अनाज, साबूत दालों के सतत् सेवन का प्रण लिया। 

छात्राओं के दल को फ्लैग दिखाकर प्राचार्य ने रैली का शुभारंभ किया एवं छात्राओं के साथ रैली मे भाग लिया। रैली में छात्राओं ने पोषण से संबंधित रोचक नारे देश एक -मिलेट अनेक व  ज्ञानवर्धक नारों छत्तीसगढ़ की क्या पहचान? सुपोषित बच्चा और सियान के माध्यम से जनता को जागरूक करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पोषण माह की सार्थकता पर विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि मिंज एव डॉ. अभया जोगलेकर ने कुपोषण दूर करने में प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के इवेंट्स की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में आईक्यूएसी  प्रभारी डॉ. उषाकिरण अग्रवाल, गृहविज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि मिंज , वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रकाश कौर सलूजा, डॉ. मनीषा मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अभया जोगलेकर, डॉ. वासु  वर्मा, डॉ. ज्योति मिश्रा , डॉ. अनुभा झा के साथ सरिता शर्मा (दिशा महाविद्यालय) विभाग के अन्य प्राध्यापक डॉ  नंदा गुरवारा, डॉ. रेखा दीवान , डॉ. स्वाति सोनी, डॉ. दीप्ति चंद्राकर  ने उत्साहपूर्वक रैली  में भाग लिया। रैली का संचालन एमएससी होमसाइंस की छात्राओं ने किया।